khabarhunt.in

खबर का शिकार

एडीजीपी आत्महत्या मामला: शत्रुजीत कपूर छुट्टी पर, ओपी सिंह बने हरियाणा के कार्यकारी डीजीपी

एडीजीपी वाई पूरण कुमार की आत्महत्या के बाद हरियाणा पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। सरकार ने सोमवार देर रात डीजीपी शत्रुजीत कपूर को लंबी छुट्टी पर भेजते हुए उनके स्थान पर वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी ओमप्रकाश (ओपी) सिंह को राज्य पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। मंगलवार को ओपी सिंह ने आधिकारिक रूप से यह जिम्मेदारी संभाल ली।

ओपी सिंह फिलहाल हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन (एचपीएचसी) के प्रबंध निदेशक,फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री (एफएसएल), मधुबन के निदेशक, और हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) के महानिदेशक के पद पर कार्यरत हैं। अब वे इन सभी जिम्मेदारियों के साथ डीजीपी का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।

पुलिस मुख्यालय पंचकूला में पदभार ग्रहण करने के बाद ओपी सिंह का विभागीय अधिकारियों ने स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से कानून-व्यवस्था, विभागीय कार्यप्रणाली और राज्य में पुलिसिंग की गुणवत्ता को और सुदृढ़ बनाने के उपायों पर चर्चा की।

ओपी सिंह का नाम पहले भी अपने कुशल प्रशासन और नवाचारपूर्ण कार्यशैली के लिए जाना जाता रहा है। उनके नेतृत्व में पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन ने राज्यभर में पुलिस आवासीय परिसरों और प्रशासनिक भवनों के निर्माण में उल्लेखनीय प्रगति की है। साथ ही उन्होंने पुलिसकर्मियों के कल्याण, कार्यकुशलता और बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण के लिए कई योजनाओं को अमल में लाया है।

गौरतलब है कि ओपी सिंह दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के जीजा भी हैं। प्रशासनिक हलकों में उन्हें एक ईमानदार, सख्त और परिणाममुखी अधिकारी के रूप में जाना जाता है।

सरकार द्वारा की गई यह नियुक्ति फिलहाल अस्थायी है, लेकिन माना जा रहा है कि ओपी सिंह की कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता के आधार पर आगे उन्हें स्थायी डीजीपी पद की जिम्मेदारी भी सौंपी जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *