ग्रेटर नोएडा में हुए उत्तर प्रदेश ट्रेड शो 2025 की शानदार सफलता के बाद अब प्रदेश सरकार एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है। गुरुवार से पूरे राज्य के सभी जिलों में स्वदेशी मेलों का आयोजन शुरू होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 10 अक्टूबर को गोरखपुर से इस राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत करेंगे, जबकि उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक लखनऊ में मेले का उद्घाटन करेंगे।
यह स्वदेशी मेला 18 से 19 अक्टूबर तक चलेगा और पहली बार उत्तर प्रदेश के हर जिले में एक साथ इस स्तर पर आयोजन हो रहा है। इस पहल का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “वोकल फॉर लोकल” अभियान को गति देना है।
मेले में छोटे हस्तशिल्पियों, कारीगरों और उद्यमियों को दीपावली से पहले अपने उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री के लिए बड़ा मंच मिलेगा। यह आयोजन आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत हो रहा है।
एमएसएमई मंत्री राकेश सचान ने बताया कि मेले में खादी, हथकरघा, माटी कला बोर्ड, रेशम, ग्रामीण आजीविका मिशन, सीएम युवा, ओडीओपी और विश्वकर्मा श्रम सम्मान जैसे विभागों की भागीदारी होगी। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूहों द्वारा भी अपने उत्पादों की प्रदर्शनी की जाएगी।
मेले में संस्कृति विभाग के सहयोग से उत्तर प्रदेश की लोक कला, परंपरा और सांस्कृतिक धरोहर को भी प्रदर्शित किया जाएगा। विभिन्न जिलों में सांसद, विधायक, भाजपा जिलाध्यक्ष और प्रभारी मंत्री इन मेलों का उद्घाटन करेंगे।
इस पहल से न सिर्फ स्थानीय कारीगरों को आर्थिक संबल मिलेगा, बल्कि प्रदेश की लोक संस्कृति और हस्तकला को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का रास्ता भी खुलेगा।















Leave a Reply