उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को खटीमा-मेलाघाट राज्य मार्ग (राज्य मार्ग संख्या 107) के पुनर्निर्माण कार्य का विधिवत पूजा-अर्चना कर शिलान्यास किया। यह परियोजना 2089.74 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत की गई है। इसके तहत 11.50 किलोमीटर लंबी सड़क का पुनर्निर्माण किया जाएगा। इसमें ड्रेनेज सिस्टम, सड़क सुरक्षा कार्य और रोड साइनएज की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
सीमावर्ती विकास का नया अध्याय
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह सड़क केवल खटीमा क्षेत्र के विकास की धुरी नहीं है, बल्कि भारत-नेपाल सीमावर्ती संपर्क का भी अहम मार्ग है। इस सड़क के सुधारीकरण से खटीमा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को सुगम यातायात सुविधा मिलेगी, साथ ही सीमावर्ती व्यापार, पर्यटन और शिक्षा से जुड़े अवसरों को भी नई दिशा मिलेगी।
टिकाऊ सड़क और जल निकासी पर फोकस
सीएम धामी ने कहा कि निर्माण कार्यों के साथ-साथ भू-कटाव रोकने और जल निकासी व्यवस्था में सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि सड़क लंबे समय तक टिकाऊ और सुरक्षित बनी रहे। उन्होंने कहा, “राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हर विकास परियोजना सीधे जनता के जीवन को बेहतर बनाए।”
शिक्षा, व्यापार और पर्यटन को नया बल
मुख्यमंत्री ने बताया कि खटीमा अब शिक्षा का हब बन चुका है, जहां न केवल प्रदेश बल्कि सीमावर्ती क्षेत्रों के विद्यार्थी भी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
इस सड़क के बनने से शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यवसायिक सुविधाओं तक पहुंच और अधिक सुगम होगी।
पर्वों की शुभकामनाएं और जिम्मेदारी का संदेश
कार्यक्रम के अंत में सीएम धामी ने जनता को दीपावली और अन्य पर्वों की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के अवसर पर राज्य की सुरक्षा, सौहार्द और स्वच्छता बनाए रखना हम सबकी साझा जिम्मेदारी है।
मोदी के विज़न पर आगे बढ़ता उत्तराखंड
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “कनेक्टिविटी ही विकास की रीढ़” के संकल्प को आगे बढ़ा रही है।
राज्य में सड़कों के विस्तार और आधुनिकीकरण पर तेजी से काम किया जा रहा है, और सभी सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारी और जनप्रतिनिधि
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, डीएम नितिन भदौरिया,एसएसपी मणिकांत मिश्रा,मोहिनी पोखरिया,रमेश चंद्र जोशी,रंदीप पोखरिया,अनिल कपूर डब्बू,डॉ प्रेम सिंह राणा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
















Leave a Reply