khabarhunt.in

खबर का शिकार

अखिलेश यादव ने आजम खान से मुलाकात की, बोले- झूठे मुकदमे लगे, 2027 में सरकार हमारी

लखनऊ/रामपुर, उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 8 अक्टूबर 2025 को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान से उनके निजी आवास पर मुलाकात की। अखिलेश यादव लखनऊ से हेलीकॉप्टर द्वारा रामपुर पहुंचे और जौहर यूनिवर्सिटी परिसर में लैंडिंग के बाद आजम खान ने उनका स्वागत किया।

मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने पत्रकारों से कहा कि वे केवल आजम खान का स्वास्थ्य जानने आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आजम खान और उनके परिवार पर झूठे मुकदमे लगाए गए हैं, जिसमें बेटे और पत्नी भी शामिल हैं। सपा चीफ ने कहा, “सबसे ज्यादा झूठे मुकदमे किसी एक परिवार पर लगे हैं और वह परिवार आजम खान का है। उन्हें न्याय मिलना चाहिए।”

अखिलेश ने यह भी दावा किया कि 2027 में सपा की सरकार बनने जा रही है और पीडीए की आवाज बुलंद हो रही है। उन्होंने कहा कि वे आगे भी आजम खान से लगातार मिलते रहेंगे।

इस मुलाकात के दौरान जौहर यूनिवर्सिटी और आजम खान के आवास के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात थे। अखिलेश के पहुंचते ही सपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बन गया और नारेबाजी जारी रही।

यह मुलाकात आजम खान के जेल से छूटने के बाद उनकी पहली औपचारिक मुलाकात थी। गौरतलब है कि एक दिन पहले आजम खान ने स्पष्ट कहा था कि वे सिर्फ अखिलेश यादव से ही मिलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *